भूपेश बघेल ने सीएम पद की शपथ लेते ही किसानों का 6100 करोड़ रु. का कर्ज माफ किया
भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद वादे के मुताबिक किसानों को राहत दी। उन्होंने 16.65 लाख किसानों का सरकारी बैंकों से लिया गया 6100 करोड़ रुपए का कर्ज माफ करने का ऐलान किया। अन्य मदों में बैंकों से लिए गए कर्ज को भी जांच के बाद माफ करने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान पर समर्थन मूल्य भी 2500 रुपए प्रति क्विंटल करने की घोषणा की। अभी किसानों को 1750 रु. प्रति क्विंटल के हिसाब से समर्थन मूल्य मिलता है। अब इसमें 750 रुपए प्रति क्विंटल की प्रोत्साहन राशि और शामिल की जाएगी। मुख्यमंत्री ने झीरम घाटी हमले की जांच के लिए भी एसआईटी के गठन के आदेश दिए हैं। 2013 में हुए इस नक्सली हमले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नंद कुमार पटेल समेत 29 लोग मारे गए थे।
गौरव सचिव, टामन होंगे विशेष सचिव
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री सचिवालय में भी फेरबदल किया है। अब मुख्यमंत्री के सचिव आईएएस गौरव द्विवेदी होंगे। गौरव अभी शिक्षा विभाग में सचिव हैं और दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार की सेवा में रह चुके हैं। बस्तर के कमिश्नर टामन सिंह सोनवानी को विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि ओएसडी प्रवीण शुक्ला बनाए गए हैं।
टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू बने मंत्री
सोमवार को छत्तीसगढ़ की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भूपेश बघेल को प्रदेश के मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। बघेल के अलावा टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू ने मंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई अन्य दलों के नेता मंच पर मौजूद रहे। बघेल ने मंच पर मौजूद मनमोहन सिंह, मोतीलाल वोरा और पीएल पुनिया के पैर छुए। शपथ से कुछ घंटे पहले ही बारिश के चलते समारोह स्थल बदल दिया गया था। पहले शपथ ग्रहण साइंस कॉलेज मैदान में होना था। बाद में यह बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में हुआ।
EmoticonEmoticon