नया रायपुर में शुरू हुआ म्यूजिकल फाउंटेन, हर दिन होगा वाटर लेजर शो
नया रायपुर के सेक्टर-19 स्थित राजधानी सरोवर में लगभग 12 करोड़ रूपए की लागत से स्थापित संगीतमय फौव्वारे और मल्टी मीडिया लेजर एवं वीडियो शो का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मंगलवार शाम को किया। यह अत्याधुनिक संगीतमय फौव्वारा प्रतिदिन शाम को खुलेगा, जहां 30 मिनट के दो वाटर लेजर शो आम जनता के लिए प्रस्तुत किए जाएंगे। इस म्यूजिकल फाउंटेन की विशेषताओं में आकर्षक वॉटर लेजर शो, 30 मिनट में 2 लेयर प्रोजेक्शन शो, 75 मीटर लंबा और 35 मीटर चौड़ा, लगभग 400 दर्शकों के लिए आधुनिकतम दर्शक गैलरी, 200 से ज्यादा वॉटर इफेक्ट्स, 360 डिग्री घूमने वाला फाउंटेन, 224 प्रकार के फाउंटेन जेट्स, 250 से अधिक एलइडी लाइट्स, 40 से अधिक 2डी और 3डी डिजिटल नियंत्रित नोजल्स, लेजर प्रोजेक्शन के लिए पानी की बड़ी स्क्रीन आदि है।
इस फव्वारे को 200 से ज्यादा वाटर इफेक्ट दिखाए जा सकते हैं। राजधानी सरोवर में लगभग 400 दर्शकों के लिए दर्शक गैलरी बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण समारोह में कहा - राजधानी सरोवर के हरे भरे परिवेश में स्थापित यह फाउंटेन नया रायपुर के पर्यटकों के आकर्षक का एक और नया केन्द्र बन गया है। नया रायपुर में नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं और अधोसंरचना विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने इस फाउंटेन का लोकार्पण करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा सांसद रमेश बैस ने की। पर्यावरण एवं आवास मंत्री राजेश मूणत ने इस फव्वारे की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी।
नया रायपुर के सेक्टर 19 स्थित राजधानी सरोवर में म्यूजिकल डांसिंग फाउंटेन व लेजर प्रोजेक्शन शो जर्मन तकनीक पर आधारित है। यह अपने आप में एक अनूठा फाउंटेन है। माना जा रहा है कि चारों ओर हरियाली से घिरे राजधानी सरोवर में म्यूजिकल फाउंटेन नया रायपुर में पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। सरोवर में मनोरंजन के साथ सेहत से जुड़ी गतिविधियों का भी ध्यान रखा गया है। चारों तरफ 2.5 किमी का जॉगिंग ट्रैक बनाया गया है। इसके अलावा पार्किंग, दो एमेनिटी ब्लॉक, सार्वजनिक शौचालय, कैफे किचन व मंच भी बनाए गए हैं।
EmoticonEmoticon